Warning: Constant WP_CACHE already defined, this will be an error in PHP 9 in /var/www/00cb2bb0-ecba-4fc4-8cef-f7e9d7ceb0ab/mobilenews.info/wp-config.php on line 8

Warning: Constant WP_CACHE already defined, this will be an error in PHP 9 in /var/www/00cb2bb0-ecba-4fc4-8cef-f7e9d7ceb0ab/mobilenews.info/wp-config.php on line 10
- Page 18 Of 127 -
17.7 C
Bengaluru
Thursday, November 19, 2026

Mobile News

spot_img
Home Blog Page 18

अहमदाबाद विमान हादसा: टाटा ग्रुप देगा मृतकों के परिजनों को 1-1 करोड़ की मदद, बीजे मेडिकल हॉस्टल का भी निर्माण कराएगा

0

नई दिल्ली। अहमदाबाद में हुए भयावह विमान हादसे के बाद टाटा ग्रुप ने मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने कहा कि प्रत्येक मृतक के परिवार को 1-1 करोड़ रुपये की सहायता दी जाएगी और घायलों का इलाज कंपनी वहन करेगी। साथ ही, अहमदाबाद में बीजे मेडिकल कॉलेज हॉस्टल बिल्डिंग के निर्माण में भी टाटा ग्रुप सहयोग करेगा।

हादसे में अब तक 204 लोगों की मौत की पुष्टि

अहमदाबाद के मेघानी नगर में एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 लंदन जा रही थी, जो उड़ान भरने के दो मिनट बाद क्रैश हो गई। हादसे में अब तक 204 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। अहमदाबाद पुलिस कमिश्नर के अनुसार, कई शव इतनी बुरी तरह झुलस गए हैं कि पहचान कर पाना मुश्किल है। गुजरात सरकार ने परिजनों से डीएनए सैंपल देने की अपील की है ताकि मृतकों की पहचान सुनिश्चित की जा सके।

उड़ान संचालन बहाल, हेल्पलाइन नंबर जारी

नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अनुसार, हादसे के बाद बंद किया गया अहमदाबाद एयरपोर्ट का उड़ान संचालन दोबारा शुरू कर दिया गया है। एयर इंडिया ने यात्रियों के परिजनों के लिए हेल्पलाइन नंबर 18005691444 जारी किया है। घायल यात्रियों को अहमदाबाद के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने जताया गहरा दुख

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए कहा, “यह एक हृदय विदारक आपदा है। मेरी संवेदनाएं पीड़ितों और उनके परिजनों के साथ हैं।”

वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर कहा, “अहमदाबाद में हुई त्रासदी ने हमें स्तब्ध कर दिया है। यह एक दिल दहला देने वाली घटना है। मेरी संवेदनाएं सभी प्रभावित परिवारों के साथ हैं। मैं लगातार मंत्रियों और अधिकारियों के संपर्क में हूं और राहत कार्य तेजी से चल रहा है।”

एनडीआरएफ और अन्य राहत एजेंसियां घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य में लगी हुई हैं।

दिल्ली: हजरत निजामुद्दीन से गाजियाबाद जा रही पैसेंजर ट्रेन पटरी से उतरी, कोई हताहत नहीं

0

नई दिल्ली। एक तरफ अहमदाबाद में हुए भयावह विमान हादसे ने पूरे देश को झकझोर दिया है, वहीं गुरुवार को दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन स्टेशन से गाजियाबाद जा रही एक पैसेंजर ट्रेन दुर्घटनाग्रस्त हो गई। ट्रेन संख्या 64419 (NZM-GZB EMU) की एक बोगी शिवाजी ब्रिज स्टेशन के पास पटरी से उतर गई, जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया।

शिवाजी ब्रिज के पास हादसा, कोई घायल नहीं

यह हादसा उस समय हुआ जब ट्रेन दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन से गाजियाबाद की ओर रवाना हो रही थी। उत्तर रेलवे के अनुसार, ट्रेन की चौथी बोगी पटरी से उतर गई। हालांकि, राहत की बात यह है कि हादसे में कोई घायल नहीं हुआ है।

राहत कार्य जारी, रूट पर असर

हादसे के बाद दिल्ली-गाजियाबाद रूट अस्थायी रूप से बाधित हो गया। रेलवे अधिकारियों और राहत दल ने मौके पर पहुंचकर बोगी को वापस ट्रैक पर लाने का कार्य शुरू कर दिया है ताकि रूट को जल्द से जल्द क्लियर किया जा सके।

हादसे का वीडियो आया सामने

हादसे के तुरंत बाद का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें ट्रेन की बोगी को पटरी से उतरा हुआ देखा जा सकता है। राहत और बचाव कार्य तेज़ी से जारी है और स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है।

एयर इंडिया विमान हादसे में पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की मौत, 133 यात्रियों की जान गई

0

अहमदाबाद। गुरुवार दोपहर गुजरात की राजधानी अहमदाबाद में एक दिल दहला देने वाला विमान हादसा हुआ, जब एयर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर टेकऑफ के महज दो मिनट बाद क्रैश हो गया। विमान लंदन जा रहा था। इस हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की मौत हो गई। बीजेपी के राज्यसभा सांसद परिमल नाथवानी ने इस दुखद सूचना की पुष्टि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X के जरिए की है।

विमान में सवार थे 242 यात्री, 133 की मौत की पुष्टि

एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 में कुल 242 लोग सवार थे, जिनमें 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और 1 कनाडाई नागरिक भी शामिल थे। अब तक घटनास्थल से 133 शव बरामद किए जा चुके हैं। राहत एवं बचाव कार्य तेजी से जारी है और एयरपोर्ट अथॉरिटीज, एनडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन मौके पर मौजूद हैं।

image 42

सीट 2-D पर बैठे थे विजय रूपाणी, पत्नी को लेने जा रहे थे लंदन

जानकारी के मुताबिक, विजय रूपाणी अहमदाबाद से लंदन अपनी पत्नी अंजलि बेन को लेने जा रहे थे, जो पिछले छह महीनों से लंदन में रह रही थीं। रूपाणी को फ्लाइट में सीट नंबर 2-D अलॉट की गई थी और उनके टिकट से इसकी पुष्टि हुई है।

डॉक्टरों की रिहायशी बिल्डिंग पर गिरा विमान, कई घायल

यह हादसा एयरपोर्ट से महज 15 किलोमीटर दूर हॉर्स कैंप इलाके में हुआ, जहां विमान एक रिहायशी इमारत से टकरा गया। यह इमारत सिविल हॉस्पिटल से जुड़ी बताई गई है और वहां रहने वाले कम से कम 15 डॉक्टरों के घायल होने की खबर है। हादसे के बाद मौके पर काले धुएं का गुबार देखा गया और अफरा-तफरी मच गई।

2020 के कोझिकोड हादसे की यादें ताजा

इस हादसे ने 2020 के कोझिकोड एयर इंडिया एक्सप्रेस हादसे की याद दिला दी, जिसमें 21 लोगों की मौत हुई थी। राजकोट में विजय रूपाणी के पुराने पड़ोसियों के बीच गम और बेचैनी का माहौल है। लोग टीवी और मोबाइल पर लगातार अपडेट्स का इंतजार कर रहे हैं।

अहमदाबाद विमान हादसे में राजस्थान के पांच यात्री सवार, बालोतरा की नवविवाहिता खुशबू कंवर भी शामिल

0

जयपुर। गुरुवार को अहमदाबाद के मेघानी नगर में हुए एयर इंडिया के विमान हादसे में राजस्थान के पांच यात्रियों के सवार होने की पुष्टि हुई है। इनमें चार यात्री उदयपुर जिले से और एक यात्री बालोतरा क्षेत्र की बताई जा रही हैं। हादसे के बाद परिजनों में गहरा दुःख और चिंता का माहौल है।

एयर इंडिया का विमान AI-171 लंदन जा रहा था

यह हादसा उस समय हुआ जब एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 गुरुवार दोपहर अहमदाबाद एयरपोर्ट से टेकऑफ के कुछ ही देर बाद मेघानी नगर इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। विमान में कुल 242 यात्री और क्रू मेंबर सवार थे।

image 43

लंदन में डॉक्टर पति के पास जा रही थी खुशबू

बालोतरा जिले के अराबा दुदावता गांव निवासी खुशबू कंवर पुत्री मदनसिंह राजपुरोहित भी इस विमान में सवार थीं। खुशबू का विवाह 18 जनवरी को लूणी विधानसभा क्षेत्र के खाराबैरा पुरोहितान निवासी विपुल सिंह राजपुरोहित से हुआ था, जो लंदन में चिकित्सक हैं। शादी के बाद खुशबू पहली बार लंदन जा रही थीं। बुधवार को वह अपने गांव से अहमदाबाद के लिए रवाना हुई थीं। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन और गांववाले गहरे सदमे में हैं।

image 44

उदयपुर के चार यात्री भी थे विमान में

हादसे में उदयपुर जिले के चार यात्री भी सवार थे। इनमें रुदेड़ा गांव के वरर्दी चंद्र मेनारिया और रोहिडा गांव के प्रकाश चंद मेनारिया शामिल हैं। इसके अलावा उदयपुर शहर के मार्बल व्यापारी पिंकू मोदी के दो बच्चे — शगुन मोदी और शुभ मोदी — भी विमान में सवार थे। दोनों बच्चे लंदन में पढ़ाई कर रहे हैं।

अहमदाबाद में विमान हादसा: टेकऑफ के तुरंत बाद गिरा एयर इंडिया का विमान

0

अहमदाबाद। गुजरात की राजधानी में गुरुवार को एक बड़ा विमान हादसा हुआ। एयर इंडिया का एक यात्री विमान टेकऑफ के तुरंत बाद अहमदाबाद एयरपोर्ट के पास मेघानी नगर इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में विमान में आग लग गई और आसमान में काले धुएं का गुबार फैल गया।

टेकऑफ के तुरंत बाद गिरा विमान

हादसा उस वक्त हुआ जब एयर इंडिया का यह विमान अहमदाबाद एयरपोर्ट से लंदन के लिए उड़ान भर रहा था। उड़ान भरते ही तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है, जिसके कारण विमान पास ही के रिहायशी इलाके मेघानी नगर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

image 38

133 यात्री थे विमान में सवार

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार विमान में कुल 133 यात्री सवार थे। दुर्घटना के तुरंत बाद मौके पर हड़कंप मच गया और स्थानीय लोग घटनास्थल की ओर दौड़े।

पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी घायल

विमान में सवार यात्रियों में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी शामिल थे। सूत्रों के अनुसार, वे हादसे में घायल हुए हैं और उन्हें भी इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दमकल विभाग मौके पर पहुंचा

घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियाँ मौके पर भेजी गईं। राहत और बचाव कार्य तेजी से शुरू कर दिया गया है। हादसे के कारण आसपास के इलाके में धुएं का गुबार देखा गया, जिससे लोगों में दहशत फैल गई।

पटना में चेकिंग के दौरान तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने तीन पुलिसकर्मियों को रौंदा, महिला कांस्टेबल की मौत

0

पटना: राजधानी पटना में बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में चेकिंग ड्यूटी पर तैनात महिला कांस्टेबल की जान चली गई। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो चालक ने चेकिंग कर रहे पुलिसकर्मियों को टक्कर मार दी। हादसे में एक महिला कांस्टेबल की मौत हो गई, जबकि दो अन्य पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

अटल पथ पर हुआ हादसा

घटना अटल पथ के सर्विस लेन पर हुई। जानकारी के अनुसार, एसके पुरी थाने की पुलिस चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक स्कॉर्पियो दीघा की ओर से तेज रफ्तार में आई और तीन पुलिसकर्मियों को कुचलते हुए निकल गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिला कांस्टेबल कोमल उछलकर डिवाइडर पर जा गिरीं।

एक की मौत, दो गंभीर घायल

घटना के बाद कांस्टेबल कोमल को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, एसआई दीपक कुमार और एएसआई अवधेश कुमार की हालत गंभीर बनी हुई है और दोनों का इलाज जारी है।

दो हिरासत में, ड्राइवर फरार

पटना के एसएसपी अवकाश कुमार ने बताया कि स्कॉर्पियो में सवार दो युवकों को हिरासत में ले लिया गया है, जबकि गाड़ी का ड्राइवर मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश में छापेमारी जारी है। वाहन पर भारतीय जनता पार्टी का झंडा लगा हुआ था। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या ड्राइवर नशे में था।

जयपुर में शादी से लौट रहे परिवार की गाड़ी को कंटेनर ने मारी टक्कर, दूल्हा-दुल्हन समेत 5 की मौत

0

जयपुर: राजस्थान की राजधानी जयपुर से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। शादी की खुशियां मातम में बदल गईं जब बुधवार सुबह दौसा-मनोहरपुर हाईवे पर सवारी वाहन और कंटेनर के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में दूल्हा-दुल्हन समेत 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

मध्यप्रदेश से शादी करके लौट रहा था परिवार

जानकारी के अनुसार, यह परिवार मध्यप्रदेश से शादी समारोह संपन्न कर वापस लौट रहा था। सवारी वाहन में करीब 14-15 लोग सवार थे, जिनमें दूल्हा-दुल्हन, उनके परिजन और रिश्तेदार शामिल थे। जैसे ही गाड़ी भट्काबास गांव के पास पहुंची, सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार कंटेनर ने सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर चलाया रेस्क्यू

हादसे की सूचना मिलते ही रायसर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया और एंबुलेंस से जयपुर के निम्स अस्पताल भेजा गया। चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।

15 जुलाई से बदल जाएंगे तत्काल टिकट बुकिंग के नियम

0

सिर्फ आधार वेरिफाइड यूजर्स को मिलेगी इजाज़त

नई दिल्ली: अगर आप तत्काल रेल टिकट बुकिंग करने की योजना बना रहे हैं तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। रेलवे मंत्रालय ने तत्काल टिकट बुकिंग के नियमों में बदलाव की घोषणा की है। अब आम यात्रियों को राहत देते हुए 15 जुलाई 2025 से तत्काल टिकट केवल आधार सत्यापन के बाद ही बुक किए जा सकेंगे। साथ ही एजेंट्स को टिकट बुक करने की अनुमति निर्धारित समय के बाद ही दी जाएगी।

रेलवे का सर्कुलर

रेल मंत्रालय की ओर से 10 जून 2025 को जारी किए गए सर्कुलर में स्पष्ट किया गया है कि 1 जुलाई 2025 से आईआरसीटीसी वेबसाइट या ऐप के जरिए तत्काल टिकट केवल उन्हीं यूजर्स द्वारा बुक किए जा सकेंगे, जिन्होंने पहले से आधार द्वारा पहचान सत्यापित कर रखी हो। इसके बाद 15 जुलाई से ओटीपी आधारित आधार प्रमाणीकरण भी अनिवार्य होगा।

ओटीपी से होगा टिकट कन्फर्म

सिस्टम द्वारा जनरेट किया गया ओटीपी यूजर के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर भेजा जाएगा। इस ओटीपी के सत्यापन के बाद ही टिकट बुकिंग की अनुमति दी जाएगी। यह नियम कम्प्यूटरीकृत पीआरएस काउंटरों और अधिकृत एजेंटों दोनों पर लागू रहेगा।

तत्काल टिकट बुकिंग विंडो का समय

एसी कोच के लिए तत्काल टिकट बुकिंग विंडो सुबह 10 बजे और स्लीपर कोच के लिए सुबह 11 बजे खुलती है। अभी तक एजेंट इन स्लॉट्स में अधिकांश टिकट बुक कर लेते थे, जिससे आम यात्रियों को काफी परेशानी होती थी।

एजेंटों पर लगेगा प्रतिबंध

नए नियम के तहत अब एजेंट सुबह 10 से 10:30 तक एसी कोच और 11 से 11:30 तक स्लीपर कोच की टिकट बुकिंग नहीं कर सकेंगे। इससे आम यात्रियों को प्राथमिकता मिलेगी और बुकिंग प्रक्रिया अधिक पारदर्शी बन सकेगी। खासतौर पर उत्तर प्रदेश और बिहार जैसे रूट्स पर जहां एजेंट का दबदबा रहा है, वहां यह बदलाव काफी असरदार माना जा रहा है।

संसद भवन में रेलवे समिति की बैठक में उठाए मुद्दे

0

बेनीवाल ने संसद में उठाई मांग, बालोतरा को जंक्शन और पचपदरा को रेल मार्ग से जोड़ने की वकालत

नई दिल्ली : बाड़मेर-जैसलमेर-बालोतरा के सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल ने संसद भवन में आयोजित रेलवे की संसदीय स्थायी समिति की बैठक में बालोतरा क्षेत्र के रेल विकास से जुड़े कई अहम मुद्दे उठाए।

बालोतरा को जंक्शन बनाने की मांग

सांसद बेनीवाल ने बालोतरा को रेलवे जंक्शन बनाने की जोरदार मांग की। उन्होंने कहा कि बालोतरा क्षेत्र का लगातार औद्योगिक विस्तार हो रहा है और उसे रेल नेटवर्क से और मजबूत रूप से जोड़ना आवश्यक है। जंक्शन बनने से यात्रियों और व्यापार दोनों को लाभ होगा।

पचपदरा रिफाइनरी को रेल नेटवर्क से जोड़ने की वकालत

बेनीवाल ने पचपदरा में निर्माणाधीन रिफाइनरी को सीधे रेल नेटवर्क से जोड़ने की मांग की। उन्होंने कहा कि इससे माल परिवहन में सुगमता आएगी, रेलवे की आय में इजाफा होगा और क्षेत्रीय विकास को भी गति मिलेगी।

दूरगामी परिणामों की उम्मीद

सांसद ने यह भी बताया कि इन प्रस्तावों के लागू होने से केवल रेलवे नहीं बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बड़ा लाभ होगा। इससे न केवल लोगों की सुविधा बढ़ेगी बल्कि औद्योगिक इकाइयों को कनेक्टिविटी मिलने से रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।

सरकारी शिक्षक ने दी शिक्षा मंत्री को रिश्वत, मदन दिलावर ने करवाया गिरफ्तार

0

मिठाई के डिब्बे में छिपाकर लाया था 5 हजार रुपये, मंत्री ने तुरंत पुलिस को बुलाया

जयपुर : राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर को सोमवार सुबह जनसुनवाई के दौरान एक हैरान कर देने वाला अनुभव हुआ, जब एक सरकारी शिक्षक ने उनसे मुलाकात के दौरान मिठाई के डिब्बे में छिपाकर 5 हजार रुपये की रिश्वत देने की कोशिश की। मंत्री ने तत्काल सतर्कता दिखाते हुए पुलिस को बुलाया और शिक्षक को पकड़ा गया।

शिक्षक की पहचान और रिश्वत देने का कारण

सूत्रों के अनुसार, यह घटना जयपुर के सिविल लाइंस क्षेत्र स्थित सरकारी आवास पर हुई। चंद्रकांत वैष्णव, जो बांसवाड़ा जिले के घाटोल ब्लॉक के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, बुधा में ग्रेड थर्ड टीचर के पद पर कार्यरत है, शिक्षा मंत्री से जनसुनवाई के दौरान मिलने पहुंचा था। वह अपने साथ एक प्रार्थना पत्र लाया था जिसमें उसने पाठ्यक्रम निर्माण समिति में खुद को शामिल करने का अनुरोध किया था।

लिफाफे में थे 5 हजार रुपये नकद

मंत्री से मिलने के दौरान शिक्षक ने प्रार्थना पत्र के साथ एक मिठाई का डिब्बा और एक बंद लिफाफा भी सौंपा। जब शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने लिफाफा खोला तो उसमें 5 हजार रुपये नकद निकले। इस पर उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी और शिक्षक को वहीं रोक लिया गया।

मदन दिलावर ने जताई गहरी चिंता

शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने इस घटना को बेहद दुखद और चिंताजनक बताया। उन्होंने कहा, “मैं रामगढ़ बांध से लौट रहा था, तभी यह व्यक्ति मिलने आया। जब मुझे लिफाफे में पैसे मिले, तो मैंने बिना देर किए पुलिस को बुला लिया। यह मेरे जीवन की सबसे खराब और दुखद घटना है। लोगों की सोच ये हो गई है कि शिक्षा मंत्री पैसे लेकर काम करता है।”

पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी

फिलहाल, चंद्रकांत वैष्णव से पुलिस पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह राजस्थान राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (RSCERT) द्वारा संचालित पाठ्यपुस्तक लेखन प्रक्रिया में शामिल होना चाहता था। उसी सिलसिले में उसने यह ‘प्रस्ताव’ मंत्री को देने की कोशिश की थी।

जयपुर के सिविल लाइंस थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए यह भी जांच कर रही है कि क्या इस प्रकार की गतिविधियां पहले भी हुई हैं और क्या इसमें किसी अन्य की भी संलिप्तता है।