जयपुर। गुरुवार को अहमदाबाद के मेघानी नगर में हुए एयर इंडिया के विमान हादसे में राजस्थान के पांच यात्रियों के सवार होने की पुष्टि हुई है। इनमें चार यात्री उदयपुर जिले से और एक यात्री बालोतरा क्षेत्र की बताई जा रही हैं। हादसे के बाद परिजनों में गहरा दुःख और चिंता का माहौल है।
एयर इंडिया का विमान AI-171 लंदन जा रहा था
यह हादसा उस समय हुआ जब एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 गुरुवार दोपहर अहमदाबाद एयरपोर्ट से टेकऑफ के कुछ ही देर बाद मेघानी नगर इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। विमान में कुल 242 यात्री और क्रू मेंबर सवार थे।

लंदन में डॉक्टर पति के पास जा रही थी खुशबू
बालोतरा जिले के अराबा दुदावता गांव निवासी खुशबू कंवर पुत्री मदनसिंह राजपुरोहित भी इस विमान में सवार थीं। खुशबू का विवाह 18 जनवरी को लूणी विधानसभा क्षेत्र के खाराबैरा पुरोहितान निवासी विपुल सिंह राजपुरोहित से हुआ था, जो लंदन में चिकित्सक हैं। शादी के बाद खुशबू पहली बार लंदन जा रही थीं। बुधवार को वह अपने गांव से अहमदाबाद के लिए रवाना हुई थीं। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन और गांववाले गहरे सदमे में हैं।

उदयपुर के चार यात्री भी थे विमान में
हादसे में उदयपुर जिले के चार यात्री भी सवार थे। इनमें रुदेड़ा गांव के वरर्दी चंद्र मेनारिया और रोहिडा गांव के प्रकाश चंद मेनारिया शामिल हैं। इसके अलावा उदयपुर शहर के मार्बल व्यापारी पिंकू मोदी के दो बच्चे — शगुन मोदी और शुभ मोदी — भी विमान में सवार थे। दोनों बच्चे लंदन में पढ़ाई कर रहे हैं।