डीग: राजस्थान के पंचायत चुनाव में डीग जिले की बृजनगर पंचायत समिति से एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां प्रधान पद के चुनाव में एक ही महिला प्रत्याशी ने बीजेपी, कांग्रेस और निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में तीन अलग-अलग नामांकन दाखिल किए। इतना ही नहीं, नामांकन के दौरान उनके पहनावे की भी चर्चा रही। आखिरकार वती कुमारी बीजेपी प्रत्याशी के रूप में निर्विरोध प्रधान निर्वाचित हो गईं। खास बात यह रही कि पंचायत समिति में कांग्रेस के पास बहुमत होने के बावजूद प्रधान पद पर बीजेपी प्रत्याशी का निर्वाचन हुआ।
BJP, कांग्रेस और निर्दलीय के रूप में दाखिल किए तीन नामांकन
बृजनगर पंचायत समिति के प्रधान पद के चुनाव में वती कुमारी पत्नी रिंकू राना ने तीन अलग-अलग नामांकन दाखिल किए। उन्होंने बीजेपी और कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में पर्चा भरा। इसके अलावा निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर भी नामांकन दाखिल किया।
वती कुमारी वार्ड संख्या 14 से पंचायत समिति सदस्य चुनी गई थीं। उन्होंने यह चुनाव निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में जीता था। उनके ससुर अर्जुन प्रधान भी पहले बृजनगर पंचायत समिति के प्रधान रह चुके हैं।

साड़ी और सलवार-सूट में पहुंचने की भी रही चर्चा
नामांकन प्रक्रिया के दौरान वती कुमारी के अलग-अलग पहनावे ने भी लोगों का ध्यान खींचा। बताया गया कि वह एक बार साड़ी पहनकर नामांकन दाखिल करने पहुंचीं, जबकि दूसरी बार सलवार-सूट में नजर आईं।
एक ही प्रत्याशी की ओर से तीन अलग-अलग नामांकन दाखिल किए जाने के बाद स्थानीय राजनीति में इस घटनाक्रम को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं।

BJP प्रत्याशी के रूप में निर्विरोध बनीं प्रधान
तीन नामांकन दाखिल होने के बाद सभी की नजर नामांकन पत्रों की जांच और चुनावी प्रक्रिया पर थी। आखिरकार वती कुमारी बीजेपी प्रत्याशी के रूप में निर्विरोध प्रधान निर्वाचित घोषित हुईं।
उनके निर्विरोध निर्वाचन के साथ ही बृजनगर पंचायत समिति में प्रधान पद का चुनाव संपन्न हो गया। कांग्रेस के पास पंचायत समिति में बहुमत होने के बावजूद बीजेपी प्रत्याशी के प्रधान बनने का घटनाक्रम स्थानीय राजनीति में चर्चा का विषय बना हुआ है।




