ढाका: बांग्लादेश में बकरीद से पहले ‘डोनाल्ड ट्रंप’ नाम से मशहूर एक दुर्लभ एल्बिनो भैंसे की कुर्बानी पर रोक लगा दी गई और उसे ढाका नेशनल जू में भेज दिया गया। यह भैंसा अपने सुनहरे बालों और अनोखे लुक की वजह से सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था और लोग इसे देखने के लिए फार्म पर पहुंचने लगे थे।
गृह मंत्री के आदेश के बाद रुकी कुर्बानी
बांग्लादेश के गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद के निर्देश पर प्रशासन ने इस भैंसे की कुर्बानी पर रोक लगा दी। अधिकारियों ने खरीदार को पैसे वापस लौटाने और भैंसे को सरकारी संरक्षण में नेशनल जू भेजने का फैसला किया। लोगों की असाधारण रुचि और सुरक्षा कारणों के चलते यह निर्णय लिया गया क्योंकि कुर्बानी के दौरान भीड़ जमा होने की आशंका थी।

सोशल मीडिया पर बना आकर्षण का केंद्र
भैंसे के मालिक जियाउद्दीन ने बताया कि उसके भाई ने मजाक में उसके बाल देखकर इसका नाम ‘डोनाल्ड ट्रंप’ रख दिया था। यह चार साल का एल्बिनो भैंसा था जिसकी विशेष देखभाल की जाती थी। उसे नियमित रूप से नहलाया जाता था और खास भोजन दिया जाता था। कुर्बानी के लिए बेचे जाने के बाद यह मामला वायरल हो गया।
नेशनल जू में विशेष निगरानी
ढाका नेशनल जू प्रशासन ने भैंसे के लिए अलग शेड तैयार किया है और शुरुआती दिनों में उसे क्वारंटीन में रखा गया है। उसकी देखभाल के लिए विशेष कर्मचारी तैनात किए गए हैं और सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत किया गया है।

