दौसा : राजस्थान के दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर मंगलवार देर रात ऋषिकेश से इंदौर जा रही एक स्लीपर बस आगे चल रहे ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर के बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई। इस हादसे में 8 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 21 लोग घायल हो गए। घायलों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है और कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
तनावड़ जीरो पॉइंट के पास हुआ हादसा
यह हादसा मंगलवार रात करीब 2:30 बजे कोलवा थाना क्षेत्र के तनावड़ जीरो पॉइंट के पास हुआ। पुलिस के अनुसार बस तेज रफ्तार में थी और पीछे से ट्रेलर में जा घुसी। टक्कर के बाद आग भड़कने से कई यात्री बस के अंदर फंस गए और बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका।
बचाव कार्य में देरी का आरोप
स्थानीय लोगों और कुछ यात्रियों ने आरोप लगाया कि हादसे के बाद राहत एवं बचाव कार्य में देरी हुई। इंदौर निवासी यात्री चंद्रप्रकाश गुप्ता ने बताया कि आग लगने के बाद उन्होंने अपनी पत्नी को बचाने की कोशिश की, लेकिन वह सीट में फंस गईं। उन्होंने दावा किया कि पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग को सूचना देने के बावजूद मदद पहुंचने में काफी समय लगा।
21 घायल, कई की हालत गंभीर
पुलिस के अनुसार हादसे में 8 लोगों की मौत हुई, जिनमें 6 यात्रियों की मौत आग से झुलसने के कारण हुई, जबकि 2 लोगों ने गंभीर चोटों के चलते दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। हादसे में ट्रेलर चालक और उसका सहायक भी घायल हुए हैं।
जांच में जुटी पुलिस
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि बस चालक को झपकी आने के कारण हादसा हुआ होगा। हालांकि वास्तविक कारणों की जांच जारी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। एफएसएल टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।
आग लगने के कारणों की भी जांच
कुछ स्थानीय लोगों ने दावा किया कि बस के स्टोरेज बॉक्स में सिगरेट के पैकेट रखे थे, जिससे आग तेजी से फैली। हालांकि पुलिस ने इस दावे की पुष्टि नहीं की है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसे के बाद दोनों वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गए, जबकि प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य में जुटा हुआ है।

