नई दिल्ली: गुरुवार सुबह दिल्ली से लेह के लिए उड़ान भर रही इंडिगो की फ्लाइट को तकनीकी खराबी के कारण उड़ान के कुछ समय बाद ही वापस लौटना पड़ा। फ्लाइट संख्या 6E 2006 ने सुबह साढ़े छह बजे इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से लेह के लिए उड़ान भरी थी, लेकिन टेकऑफ के तुरंत बाद पायलट को तकनीकी गड़बड़ी का संदेह हुआ, जिसके चलते विमान को सुरक्षा के लिहाज से वापस दिल्ली लाया गया।
विमान में 180 लोग सवार थे
जानकारी के अनुसार, इस फ्लाइट में चालक दल समेत कुल 180 लोग सवार थे। विमान की सुरक्षित लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। यात्रियों में किसी को भी कोई शारीरिक नुकसान नहीं हुआ है और एयरपोर्ट पर यात्रियों की देखभाल की जा रही है।
इंडिगो ने दी प्रतिक्रिया
हालांकि, एयरलाइन ने इमरजेंसी लैंडिंग की खबरों को खारिज कर दिया है। इंडिगो की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि यह एक नियमित प्रक्रिया थी और सुरक्षा मानकों के तहत एहतियातन विमान को वापस लाया गया। कंपनी ने बताया कि वह जल्द ही इस पूरी घटना को लेकर विस्तृत जानकारी सार्वजनिक करेगी।