सवाई माधोपुर: राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले की सूरवाल ग्राम पंचायत में सरपंच पद का चुनाव इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। यहां सरपंच पद के लिए कुल 43 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। उम्मीदवारों की संख्या इतनी अधिक है कि मतदान के लिए तैयार किया गया मतपत्र करीब 7 फीट लंबा हो गया है। मतपत्र में 43 उम्मीदवारों के साथ नोटा का विकल्प भी शामिल किया गया है।
40 चुनाव चिन्ह कम पड़े, तीन नए प्रतीक मिले
नामांकन प्रक्रिया और नाम वापसी के बाद सूरवाल ग्राम पंचायत में 43 प्रत्याशी चुनाव मैदान में रह गए। इतनी बड़ी संख्या में उम्मीदवार होने के कारण राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से निर्धारित 40 चुनाव चिन्ह कम पड़ गए।
इस समस्या को देखते हुए जिला निर्वाचन प्रशासन ने राज्य निर्वाचन आयोग से विशेष अनुमति मांगी। आयोग की स्वीकृति मिलने के बाद तीन अतिरिक्त चुनाव चिन्ह बेंच, तकिया और नाव शामिल किए गए। इन प्रतीकों के आवंटन के बाद सभी 43 उम्मीदवारों की चुनाव चिन्ह संबंधी प्रक्रिया पूरी हो सकी।
नोटा समेत मतपत्र पर होंगे 44 विकल्प
सूरवाल पंचायत चुनाव में मतपत्र की लंबाई भी चर्चा का विषय बन गई है। सरपंच पद के लिए 43 उम्मीदवारों के नाम और नोटा का विकल्प मिलाकर मतपत्र पर कुल 44 विकल्प होंगे।
इतने अधिक नाम और चुनाव चिन्हों को शामिल करने के कारण मतपत्र की लंबाई सामान्य से बढ़कर करीब 7 फीट हो गई है। मतदाताओं को मतदान के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन ने विशेष व्यवस्था की है।
6,566 मतदाता करेंगे अपने मताधिकार का इस्तेमाल
सूरवाल ग्राम पंचायत में करीब 6,566 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। एक ही पद के लिए 43 उम्मीदवारों के मैदान में होने से चुनावी मुकाबला काफी दिलचस्प हो गया है।
मतदान प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त मतदान कर्मियों की तैनाती की है। अब पूरे जिले की नजरें सूरवाल पंचायत के चुनाव परिणामों पर टिकी हैं।





