आबूराज में आयोजित हुआ राज्य स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम
सिरोही। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आबूराज में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में योगाभ्यास किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कोलकाता से दिए गए संबोधन को भी सुना। मुख्यमंत्री के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने भी सामूहिक योगाभ्यास किया।
रविवार सुबह सिरोही जिले के आबूराज स्थित नक्की लेक परिक्रमा पथ पर आयोजित इस कार्यक्रम में प्राकृतिक सौंदर्य, पहाड़ियों पर छाई धुंध और खुशनुमा मौसम के बीच हजारों लोगों ने योग किया।
योग भारत की अमूल्य धरोहर है- भजनलाल शर्मा
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के साथ मुख्य सचिव वी. श्रीनिवासन, प्रभारी मंत्री के.के. बिश्नोई, राज्य मंत्री ओटाराम देवासी, सांसद लुंबाराम चौधरी, विधायक समाराम गरासिया, जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, युवाओं, महिलाओं और विद्यार्थियों ने भी उत्साह के साथ योगाभ्यास किया।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन जीने की संपूर्ण जीवन पद्धति है। उन्होंने कहा कि योग हमारे ऋषि-मुनियों की लगभग 5,000 वर्ष पुरानी अमूल्य धरोहर है, जिसने आज पूरी दुनिया में अपनी पहचान बनाई है। योग भारत की ऐसी देन है, जिसे विश्व ने अपनाया है और इससे देश का गौरव भी बढ़ा है।
नियमित योग से शरीर और मन दोनों रहते हैं स्वस्थ
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि नियमित योग करने से शरीर स्वस्थ, मन शांत और जीवन सकारात्मक ऊर्जा से भर जाता है। योग व्यक्ति को तनाव, चिंता और क्रोध जैसी मानसिक समस्याओं से दूर रखता है तथा मानसिक मजबूती प्रदान करता है।
उन्होंने सभी नागरिकों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील करते हुए कहा, “योग से ही निरोगी काया, स्वस्थ मन और सशक्त समाज का निर्माण संभव है।”

धुंध और प्राकृतिक वादियों के बीच हुआ सामूहिक योगाभ्यास
नक्की लेक परिक्रमा पथ पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान मौसम पूरी तरह अनुकूल रहा। पहाड़ियों के बीच छाई धुंध, ठंडी हवाओं और बादलों की आवाजाही ने आयोजन की सुंदरता को और बढ़ा दिया। प्राकृतिक वातावरण में मुख्यमंत्री सहित हजारों लोगों ने सामूहिक रूप से विभिन्न योगासन और प्राणायाम किए।
प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में उपस्थित लोगों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। आबूराज की मनोहारी वादियों में आयोजित यह राज्य स्तरीय कार्यक्रम योग, स्वास्थ्य, संस्कृति और प्रकृति के अद्भुत संगम का साक्षी बना।

