कोयंबटूर: तमिलनाडु के कोयंबटूर में 10 साल की बच्ची की हत्या के मामले ने पूरे राज्य को झकझोर दिया है। इस बीच मामले पर प्रेस ब्रीफिंग के दौरान पुलिस अधिकारियों के हंसने का वीडियो वायरल होने के बाद नया विवाद खड़ा हो गया है। सोशल मीडिया पर लोग पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान हंसते दिखे अधिकारी
वायरल वीडियो में तमिलनाडु पुलिस के कुछ वरिष्ठ अधिकारी मीडिया से बातचीत करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में एक महिला पुलिस अधिकारी समेत तीन अधिकारी प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मुस्कुराते और ठहाके लगाते दिखाई दे रहे हैं।
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने इसे संवेदनहीन व्यवहार बताते हुए नाराजगी जताई है।

घर के बाहर खेलते समय लापता हुई थी बच्ची
जानकारी के मुताबिक, 10 साल की बच्ची अपने घर के बाहर खेलते समय लापता हो गई थी। बाद में उसका शव एक तालाब के पास मिला। इस निर्मम हत्या के बाद पूरे राज्य में आक्रोश का माहौल है और विपक्ष लगातार Vijay सरकार पर निशाना साध रहा है।
सोशल मीडिया पर लोगों ने जताया गुस्सा
वीडियो वायरल होने के बाद कई लोगों ने पुलिस अधिकारियों के रवैये पर सवाल उठाए। एक यूजर ने लिखा कि इतने गंभीर मामले में इस तरह का व्यवहार बेहद शर्मनाक है। वहीं दूसरे यूजर ने कहा कि अधिकारियों में पीड़िता के प्रति संवेदनशीलता दिखाई नहीं दी।
कई लोगों ने कहा कि बच्ची की हत्या जैसे गंभीर मामले पर चर्चा के दौरान अधिकारियों का हंसना गरिमापूर्ण आचरण नहीं माना जा सकता।

