कोलकाता। पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शपथ लेने के बाद जोरासांको ठाकुरबाड़ी पहुंचकर रवींद्रनाथ टैगोर को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने ‘जय श्रीराम’ के नारे लगाए, जिस पर मुख्यमंत्री ने लोगों को शांत कराते हुए कहा कि वह अब सबके मुख्यमंत्री हैं।
जोरासांको ठाकुरबाड़ी में बोले- यह राजनीतिक खींचतान का समय नहीं
शुभेंदु अधिकारी बंगाल के नौवें मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेने के कुछ ही मिनट बाद रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि देने जोरासांको ठाकुरबाड़ी पहुंचे। उन्होंने कहा कि आगे बहुत बड़ी जिम्मेदारियां हैं और यह राजनीतिक खींचतान का समय नहीं है। उन्होंने कहा कि जो लोग राजनीति करना चाहते हैं, वे करते रहें, लेकिन सरकार बंगाल के विकास पर आगे बढ़ेगी।
टैगोर की प्रतिमा के सामने टेका माथा
मुख्यमंत्री सीधे शपथ ग्रहण समारोह स्थल ब्रिगेड परेड ग्राउंड से जोरासांको पहुंचे। यहां उन्होंने टैगोर की प्रतिमा के सामने घुटने टेककर माथा जमीन से लगाया। उन्होंने कहा कि गुरुदेव के आदर्शों से ही बंगाल और बंगाली संस्कृति को दिशा मिलनी चाहिए और आज उसी शुभ शुरुआत का दिन है।
‘यह जय श्रीराम बोलने की जगह नहीं’
कार्यक्रम के दौरान जब भीड़ से ‘जय श्रीराम’ के नारे लगे तो शुभेंदु अधिकारी ने तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए लोगों से ऐसे नारे नहीं लगाने को कहा। उन्होंने कहा कि यह ‘जय श्रीराम’ बोलने की जगह नहीं है, यहां केवल ‘कविगुरु’ का नाम लिया जाता है।
उन्होंने कहा कि वह कोई विवादित टिप्पणी नहीं करेंगे और मुख्यमंत्री बनने के बाद अब वह सभी लोगों के हैं। उन्होंने कहा कि बंगाल को पहले ही काफी नुकसान हो चुका है और अब सभी को मिलकर राज्य के पुनर्निर्माण के लिए काम करना चाहिए।
अपने विश्वविद्यालय भी पहुंचे मुख्यमंत्री
ठाकुरबाड़ी के बाद मुख्यमंत्री रवींद्र भारती विश्वविद्यालय भी पहुंचे, जहां उन्होंने कुलपति और अन्य अधिकारियों से मुलाकात की। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार शुभेंदु अधिकारी इसी विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र रहे हैं और उन्होंने यहां से पर्यावरण अध्ययन में मास्टर डिग्री प्राप्त की थी।

