बेंगलुरु : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑर्ट ऑफ लिविंग के 45वें स्थापना दिवस समारोह में कांग्रेस और DMK पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और DMK के बीच लंबे समय तक करीबी राजनीतिक संबंध रहे, लेकिन सत्ता का समीकरण बदलते ही कांग्रेस ने DMK को धोखा दिया।
UPA सरकार और DMK के समर्थन का किया जिक्र
प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र में 10 साल तक चली यूपीए सरकार DMK के समर्थन से ही चल पाई थी। उन्होंने कहा कि DMK ने हर संकट में कांग्रेस का साथ दिया, लेकिन बाद में कांग्रेस ने उसी सहयोगी दल की पीठ में छुरा घोंप दिया।
कांग्रेस पर झूठी गारंटी देने का आरोप
मोदी ने कहा कि कांग्रेस केवल झूठ और भ्रम की राजनीति करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की गारंटी भी झूठी साबित होती है।
कर्नाटक सरकार पर भी साधा निशाना
प्रधानमंत्री ने कर्नाटक सरकार का उदाहरण देते हुए कहा कि पिछले तीन वर्षों से राज्य में जनता के मुद्दों की बजाय सत्ता संघर्ष और अंदरूनी खींचतान चल रही है। उन्होंने कहा कि यह तक स्पष्ट नहीं है कि मौजूदा मुख्यमंत्री कितने दिन पद पर बने रहेंगे।

कांग्रेस के चुनावी प्रदर्शन पर टिप्पणी
मोदी ने कहा कि कभी 400 से अधिक सीटें जीतने वाली कांग्रेस अब पिछले तीन लोकसभा चुनावों में अपने सहयोगियों के साथ मिलकर भी 100 सीटों का आंकड़ा पार नहीं कर पाई। उन्होंने कहा कि लगातार हार के बावजूद कांग्रेस आत्ममंथन नहीं कर रही है।
बंगाल, असम और पुडुचेरी का किया उल्लेख
प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा और NDA को देशभर में मजबूत जनसमर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि पुडुचेरी में लगातार दूसरी बार और असम में तीसरी बार NDA सरकार बनी है।
पश्चिम बंगाल में भाजपा की स्थिति का जिक्र
उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में एक समय भाजपा के केवल तीन विधायक थे, लेकिन अब पार्टी ने बड़ा प्रदर्शन करते हुए सरकार बनाई और 200 से अधिक विधायक जीतकर नई राजनीतिक ताकत के रूप में उभरी।
केरल में बढ़ती मौजूदगी का दावा
मोदी ने कहा कि केरल में भी भाजपा की मौजूदगी लगातार बढ़ रही है और आने वाले समय में पार्टी और मजबूत होगी।

तेलंगाना और गुजरात दौरे पर भी रहेंगे पीएम
बेंगलुरु कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री हैदराबाद पहुंचे, जहां उन्होंने लगभग 9,400 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इसके बाद वह गुजरात जाएंगे। 11 मई को वह सोमनाथ मंदिर में आयोजित ‘सोमनाथ अमृत महोत्सव’ में शामिल होंगे और वडोदरा में ‘सरदारधाम हॉस्टल’ का उद्घाटन करेंगे।

