अकोला (महाराष्ट्र):
भाजपा के स्थानीय नेतृत्व द्वारा अकोला जिले की अकोट नगरपालिका परिषद में असदुद्दीन ओवैसी के नेतृत्व वाली एआईएमआईएम (AIMIM) के साथ गठबंधन किए जाने से सियासी हड़कंप मच गया। हालांकि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के कड़े रुख के बाद यह गठबंधन महज 24 घंटे के भीतर ही टूट गया।
AIMIM ने अकोट विकास मंच से किया किनारा
AIMIM ने आधिकारिक रूप से ‘अकोट विकास मंच’ से बाहर निकलने की घोषणा कर दी है। वहीं गठबंधन टूटते ही 5 पार्षदों ने भी अपना समर्थन वापस ले लिया। इस घटनाक्रम के बाद भाजपा नेतृत्व ने स्थानीय स्तर पर बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है।
विधायक प्रकाश भरसखले को शो-कॉज नोटिस
महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण ने अकोट के विधायक प्रकाश भरसखले को शो-कॉज नोटिस जारी किया है। नोटिस में AIMIM के साथ गठबंधन को लेकर जवाब तलब किया गया है।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने जताई कड़ी नाराजगी
जैसे ही भाजपा और AIMIM के गठबंधन की जानकारी शीर्ष नेतृत्व तक पहुंची, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कड़ी नाराजगी जताई और इसे पार्टी की विचारधारा के विपरीत बताते हुए अस्वीकार्य करार दिया। उन्होंने इस मामले में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
अनुशासनात्मक कार्रवाई पर जवाब तलब
प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण द्वारा जारी नोटिस में विधायक से पूछा गया है कि पार्टी की विचारधारा के विरुद्ध जाकर गठबंधन करने पर उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई क्यों न की जाए।

