पाली/ फालना: सुरेश राजपुरोहित बारवा, प्रदेश महासचिव ने राज्य सरकार के बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह बजट झूठ का पुलिंदा है और आमजन के लिए केवल झुनझुना साबित होगा। उन्होंने कहा कि बजट में राज्य के विकास को लेकर केवल घोषणाएं की गई हैं, जबकि सरकार की कथनी और करनी में हमेशा अंतर रहा है।
उन्होंने कहा कि यह एक औपचारिक बजट है। बाली को जिला बनाने और फालना में हवाई पट्टी की मांग पूरी नहीं की गई। बेरोजगारों को रोजगार का भरोसा दिखाया गया, लेकिन ठोस प्रावधान नजर नहीं आते।
राजपुरोहित ने कहा कि सरकार की घोषणाएं कागजों तक सीमित रहती हैं और धरातल पर उनका प्रभाव दिखाई नहीं देता। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार वादे करती आई है, लेकिन उन्हें मूर्त रूप देने में सक्षम नहीं रही।
उन्होंने कहा कि आजादी के 79 वर्ष बाद भी कई गांव सरकारी बस सुविधा से वंचित हैं। शिक्षा और चिकित्सा के मुद्दों पर भी सरकार ने ठोस कदम नहीं उठाए हैं। उनके अनुसार यह बजट आम गरीब और किसान के लिए निराशाजनक है।

