हैदराबाद: तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद के शमशाबाद स्थित राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शुक्रवार को एक बड़ा विमान हादसा होते-होते टल गया। एअर इंडिया की फ्लाइट हैदराबाद से मुंबई जा रही थी, तभी विमान में तकनीकी खराबी आ गई और पायलट ने समय रहते टेकऑफ से पहले ही रनवे पर विमान को रोक दिया। पायलट की सूझबूझ से सभी 97 यात्री सुरक्षित बच गए। एयर इंडिया की टीम ने तत्परता दिखाते हुए यात्रियों के लिए तुरंत वैकल्पिक व्यवस्था की और उन्हें दूसरी फ्लाइट से मुंबई भेजा गया।
एअर इंडिया का बयान और वैकल्पिक फ्लाइट
हैदराबाद: एअर इंडिया ने बयान जारी करते हुए कहा कि फ्लाइट संख्या AI-2534 दोपहर 2 बजे हैदराबाद से मुंबई के लिए उड़ान भरने वाली थी, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण उसे एओजी (Aircraft on Ground) घोषित कर दिया गया। विमान में 97 यात्री सवार थे। इसके बाद इन यात्रियों को फ्लाइट AI-2445 से भेजा गया, जो पहले से 51 यात्रियों के साथ 2:30 बजे उड़ान भरने वाली थी, लेकिन तकनीकी समायोजन के कारण यह फ्लाइट 3:05 बजे रवाना हुई। इस तरह कुल 148 यात्रियों को मुंबई के लिए रवाना किया गया।
अहमदाबाद विमान हादसे की पृष्ठभूमि
अहमदाबाद: 12 जून 2025 को अहमदाबाद से लंदन जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI-171 एक भीषण दुर्घटना का शिकार हो गई थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि टेकऑफ के बाद विमान के दोनों इंजन फेल हो गए, जिससे वह पास के बीजे मेडिकल कॉलेज की इमारत से जा टकराया। इस भयावह हादसे में विमान में सवार 242 लोगों में से 241 की मौत हो गई थी, जबकि कॉलेज परिसर में मौजूद 22 अन्य लोग भी इसकी चपेट में आ गए थे।
डीएनए जांच से शवों की पहचान, एकमात्र यात्री जीवित बचा
अहमदाबाद: हादसे के बाद शवों की पहचान डीएनए प्रक्रिया से की गई, जिसमें अब तक 231 शवों की पहचान हो चुकी है और 210 शवों को परिजनों को सौंपा जा चुका है। इस हादसे में एकमात्र ब्रिटिश नागरिक विश्वाशकुमार रमेश की जान बची, जिन्हें गंभीर रूप से घायल अवस्था में मलबे से निकाला गया था। विशेषज्ञों ने उनकी जीवित बचने की घटना को चमत्कारी बताया है, क्योंकि विमान में सवार बाकी सभी यात्रियों की मृत्यु हो गई थी।
अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में कटौती
नई दिल्ली: इस हादसे के बाद एयर इंडिया ने 21 जून से 15 जुलाई तक प्रति सप्ताह 38 अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में कटौती की घोषणा की है। साथ ही तीन विदेशी मार्गों पर सेवाएं अस्थायी रूप से निलंबित कर दी गई हैं। यह फैसला सुरक्षा और संचालन संबंधी समीक्षा के मद्देनजर लिया गया है।