अकोला
महाराष्ट्र के अकोला जिले में एक असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (ASI) को हिरासत में ली गई महिला की बेटी से कथित तौर पर यौन संबंध की मांग करने के आरोप में सस्पेंड कर दिया गया है। 54 वर्षीय ASI पर आरोप है कि उसने महिला से उसकी बेटी को अपने पास भेजने के लिए कहा।
क्या है पूरा मामला
महिला को 80 लाख रुपये के वित्तीय धोखाधड़ी मामले में गिरफ्तार किया गया था और उसे सिविल लाइंस पुलिस स्टेशन के लॉकअप में रखा गया था। इसी दौरान ड्यूटी पर मौजूद ASI राजेश जाधव ने कथित तौर पर अपने पद का दुरुपयोग करते हुए महिला से अनुचित मांग की।
महिला से की कथित मांग
पुलिस के अनुसार, ASI ने महिला से कहा कि वह अपनी बेटी को उसके पास भेजे। साथ ही उसने कथित तौर पर पैसे का लालच देते हुए कहा कि इसके बदले वह 10,000 रुपये देगा।
महिला पुलिसकर्मी को दी जानकारी
महिला ने इस घटना की जानकारी थाने में मौजूद एक महिला पुलिस कर्मचारी को दी। इसके बाद यह मामला वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाया गया।
सीनियर अधिकारियों ने की कार्रवाई
सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और आरोपी ASI से पूछताछ की। घटना से संबंधित एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें अधिकारी आरोपी को डांटते हुए दिखाई दे रहे हैं।
ASI सस्पेंड, मामला दर्ज
जिला पुलिस अधीक्षक अर्चित चांदक ने आरोपी ASI को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। उसके खिलाफ महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
आरोपी फरार
घटना के बाद आरोपी ASI के फरार होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।

