गठबंधन, AAP को बड़ी जीत; भाजपा को झटका
नई दिल्ली। देश के चार राज्यों की पांच विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव की मतगणना जारी है। अब तक आए रुझानों और नतीजों में विपक्षी INDIA गठबंधन से जुड़े दलों ने चार सीटों पर बढ़त या जीत दर्ज की है, जबकि भाजपा को सिर्फ गुजरात की कड़ी सीट पर जीत मिली है।
गुजरात की विसावदर सीट से AAP को बड़ी जीत
आम आदमी पार्टी को गुजरात की विसावदर सीट पर बड़ी जीत मिली है। यहां से पार्टी के उम्मीदवार गोपाल इटालिया ने भाजपा के किरीट पटेल को 17,581 वोटों से हराया। यह सीट पहले भी AAP के पास थी, जहां से भूपेंद्र भयानी 2022 में जीते थे। हालांकि बाद में उन्होंने इस्तीफा देकर भाजपा का दामन थाम लिया था। इस उपचुनाव को AAP के जनाधार की परीक्षा माना जा रहा था।
पंजाब की लुधियाना पश्चिम सीट पर भी AAP की बढ़त
पंजाब की लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट पर आम आदमी पार्टी के संजीव अरोड़ा दसवें राउंड के बाद भी 6025 वोटों से आगे चल रहे हैं। इस सीट पर कांग्रेस के भारत भूषण आशु दूसरे नंबर पर हैं और भाजपा के जीवन गुप्ता तीसरे स्थान पर हैं। अकाली दल का उम्मीदवार चौथे स्थान पर है।
बंगाल में TMC की मजबूत पकड़, भाजपा को बड़ा झटका
पश्चिम बंगाल की कालीगंज विधानसभा सीट पर तृणमूल कांग्रेस (TMC) की प्रत्याशी आलिफा अहमद ने 28,784 वोटों की बढ़त बना रखी है। भाजपा के आशीष घोष दूसरे स्थान पर हैं। 11 राउंड की गिनती के बाद TMC की बढ़त निर्णायक मानी जा रही है। बंगाल में अगले साल विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं, ऐसे में यह नतीजा महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
केरल की नीलांबर सीट पर कांग्रेस को राहत
केरल की नीलांबर सीट से कांग्रेस के आर्यदन शौकत को 11 हजार से अधिक वोटों की बढ़त मिली है। दूसरे स्थान पर 6660 वोटों के साथ एक उम्मीदवार है, जबकि तीसरे स्थान पर एक निर्दलीय प्रत्याशी हैं। भाजपा उम्मीदवार एडवोकेट मोहन जॉर्ज को सिर्फ 8648 वोट मिले हैं और वे चौथे नंबर पर हैं।
गुजरात की कड़ी सीट पर भाजपा की एकमात्र जीत
गुजरात की दूसरी सीट कड़ी से भाजपा उम्मीदवार राजूभाई चावड़ा को 38,904 मतों से विजय मिली है। कांग्रेस के रमेशभाई चावड़ा यहां दूसरे नंबर पर रहे। यह उपचुनाव भाजपा के लिए राहत लेकर आया, लेकिन बाकी राज्यों में उसे झटका लगा है।